अब 15 जून तक आवेदन कर सकेंगे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा ने स्नातक प्रथम वर्ष के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर विद्यार्थियों को राहत दी है। आवेदन की अंतिम तिथि अब 31 मई से बढ़ाकर 15 जून कर दी गई है। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी रितिका गुप्ता ने बताया कि बढ़ी हुई अंतिम तिथि का लाभ जिले के आठ सरकारी और चार प्राइवेट कॉलेजों समेत पूरे हरियाणा के 188 सरकारी महाविद्यालयों के साथ-साथ निजी एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पड़ोसी राज्यों के विद्यार्थी अब अपनी पसंद के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। इनमें जिले के आठ सरकारी स्कूलों में बीसीए, बीबीए और बीकॉम की करीब 1600 सीटों पर 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
छात्रों से बातचीत
अंतिम तिथि से ठीक पहले आवेदन कर रहा था, पर कई बार साइट के सही ना चलने के कारण आवेदन नहीं कर पाया था। अब तिथि बढ़ने से राहत मिली है। पुनित, छात्र
अंतिम तिथि 31 मई को ही जैस-तैसे आवेदन कर पाई थी, पर कई साथ की सहपाठियों का आवेदन नहीं हो पाया था। अब तारीख बढ़ने से वे सभी बेहद खुश हैं। अंजिली, छात्रा