40 बार हुआ सफल परीक्षण
यह सिस्टम ट्रेन संचालन को और सुरक्षित बनाएगा तथा हादसों को कम करेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। ट्रेन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेल विभाग अब तकनीक का सहारा ले रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली से पलवल के बीच चलने वाली ट्रेनों में कवच सुरक्षा सिस्टम लगाने की तैयारी की जा रही है। यह सिस्टम ट्रेन संचालन को और सुरक्षित बनाएगा तथा हादसों को काफी हद तक कम करेगा।
जानकारी के अनुसार, पलवल से दिल्ली रूट पर पिछले एक महीने से कवच सिस्टम की टेस्टिंग लगातार की जा रही है। अब तक इस तकनीक की 40 से अधिक बार सफल जांच की जा चुकी है। स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षण में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और आगामी महीनों में यह पूरा रूट कवच सुरक्षा प्रणाली से लैस हो जाएगा। गौरतलब है कि कवच सिस्टम ट्रेन चालक को वास्तविक समय में चेतावनी देता है। अगर चालक किसी कारणवश निर्देशों का पालन नहीं कर पाता है तो सिस्टम स्वतः ट्रेन की गति नियंत्रित कर देता है। इससे ट्रेनों के बीच टक्कर और पटरियों से उतरने जैसी घटनाओं को रोका जा सकेगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तकनीक का विस्तार धीरे-धीरे अन्य रूटों पर भी किया जाएगा। दिल्ली–पलवल मार्ग पर कवच सिस्टम की शुरुआत को यात्रियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।