फरीदाबाद। सूर्या विहार पार्ट-दो में शनिवार रात 16 वर्षीय नौवीं की छात्रा श्वेता ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। वह कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को कोई सुुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस किशोरी की आत्महत्या के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
पल्ला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कटारिया ने बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे सूचना मिली कि एक किशोरी ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस को शव पंखे से लगे फंदे से लटका मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में तुरंत भेज दिया गया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस पूछताछ में मृतका के परिजनों ने बताया कि किशोरी के पिता निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी बेटी श्वेता नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वह पढ़ाई में कमजोर थी। इससे वह तनाव में रहती थी। शनिवार रात सभी अपने कमरे में सोने गई। रात करीब दो बजे उसकी मां पानी पीने के लिए उठी थी। इस दौरान वह श्वेता को देखने उसके कमरे में चली गई। वहां कमरे में बेटी को पंखे से लगे फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
थाना प्रभारी के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों की जानकारी के लिए मृतका के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।