संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी में चचेरे भाई की हत्या व परिवार के चार सदस्यों को चाकू से हमला कर घायल करने का आरोपी अभी तक अस्पताल में भर्ती है। इधर घायल परिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। परिवार ने मृतक राहुल का अंतिम संस्कार कर दिया है। मंगलवार को दिन भर परिवार के लोगों से मिलने आने वालों का तांता लगा रहा। आरोपी को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस उससे पूछताछ शुरू करेगी।
जवाहर कॉलोनी गली नंबर-पांच में रामप्रवेश पोद्दार अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका ऑटो स्पेयर पार्ट्स बनाने का कारोबार है। रामप्रवेश के बेटे अमित, राजेश और राहुल उनका काम में हाथ बंटाते थे। रविवार को रामप्रवेश के भाई दशरथ पोद्दार का बेटा राकेश उनसे मिलने बिहार से आया था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे राकेश ने चचेरे भाई राहुल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद दूसरे भाई राजेश (26), अमित (28), चाचा रामप्रवेश (50 ) और चाची शशिकला (48) को भी घायल कर दिया। थाना सारन प्रभारी संग्राम सिंह का कहना है कि घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। परिवार अभी बात करने की हालत में नहीं है। आरोपी से भी अभी पूछताछ नहीं हो पाई है।