फरीदाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने चार नए मरीज मिलने की पुष्टि की है। इसके साथ ही सक्रिय मामले 32 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को सेक्टर-21 और ग्रीन फील्ड से दो-दो नए संक्रमितों की पहचान की गई है। अच्छी बात यह है कि जिले के अस्पतालोें में कोई भी मरीज भर्ती नहीं है। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि बुधवार को 2693 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 2479 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। कोरोना के मामले बढ़ने से रिकवरी घटकर 99.25 फीसदी हो गया है।
वहीं, कोरोना के नए वैरिएंड के खतरे को देखते हुए जिले में टीकाकरण तेज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 51 केंद्रों में कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। इस दौरान 11296 लोगों ने कोरोना रोधी टीका लगवाया। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मान सिंह ने बताया कि 2934 ने पहली और 8362 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग में 2447 ने पहला टीका, जबकि 6806 ने टीके की दूसरी डोज लगवाकर खुद को गंभीर संक्रमण से सुरक्षित किया। 45 से 60 वर्ष आयुवर्ग में 429 ने पहली और 1387 ने दूसरी डोज लगवाई। 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में 227 बुजुर्गों ने टीका लगवाया। बृहस्पतिवार को 59 केद्रों पर टीका लगाया जाएगा। जिले में अब तक 2739647 डोज लगाई जा चुकी हैं।