फरीदाबाद। खोरी गांव में तोड़फोड़ कार्रवाई के चार माह बाद एक बार फिर लोगों ने कब्जा कर तंबू लगा लिए हैं। लोगों एक बार फिर यहां रहना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम अधिकारियों ने मुनादी कराई। लोगों को जल्द कब्जे खाली करने के आदेश दिए। बृहस्पतिवार से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हो सकती है।
अरावली वन क्षेत्र में बसे गांव खोरी में सात जून को सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा सरकार, जिला प्रशासन फरीदाबाद को तोड़फोड़ कार्रवाई कर अवैध कब्जे हटाने के आदेश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर डेढ़ माह चली कार्रवाई के दौरान निगम ने करीब 10 हजार मकान को ढहा दिया था। खाली कराई गई जमीन पर सरकारी संपत्ति के बोर्ड लगा दिए गए। इससे लाखों लोग बेघर हो गए। इस बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सरकार ने खोरी के प्रभावित लोगों को पुनर्वास देने की योजना बनाई। योजना में करीब 900 लोगों को ही पुनर्वास के लिए पात्र पाया गया। वहीं दूसरी ओर बेघर हुए अनेक लोग फिर से खोरी में अपने टूट घर के मलबे पर तंबू लगाकर रहने लगे। वर्तमान में काफी संख्या में लोग रह रहे हैं। यहां तक लोगों ने बिजली और पानी की भी व्यवस्था भी कर ली है। बुधवार को नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की मुनादी कराई। लोगों को जल्द कब्जे हटाने के लिए कहा गया है। ऐसा न करने पर एक बार फिर उन्हें जेसीबी से तोड़ दिया जाएगा।
खोरी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खाली कराई गई जमीन सरकारी संपत्ति है। इस पर किसी भी प्रकार कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों ने वहां फिर से कब्जा कर लिया है। इसे जल्द खाली कराया जाएगा। बुधवार को क्षेत्र की मुनादी कराई गई।
- यशपाल यादव, आयुक्त, नगर निगम