- समर कैंप में पढ़ा रहे हैं आईआईटी धनबाद और मंडी के छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के छात्रों के लिए समर कैंप नया अनुभव साबित हो रहा है। जिले के ऊंचागांव स्थित राजकीय मॉडल स्कूल और सेक्टर-37 स्थित डीएवी स्कूल में समर कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान प्रतिष्ठित आईआईटी कॉलेज के विद्यार्थी कर रहे हैं। गणित और विज्ञान की पहेली को सरल शब्दों में समझा रहे हैं।
समर कैंप में देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान जैसे आईआईटी धनबाद, आईआईटी मंडी में अध्ययन कर रहे छात्र बच्चों को पढ़ा रहे हैं। वे छात्रोंं को गणित विज्ञान का किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दे रहे हैं। आईआईटीयन छात्रों को सरल और सहज तरीके से जटिल प्रश्नों का समाधान आसान तरीके से सिखा रहे हैं। समर कैंप में जिले के कक्षा 9 से 12वीं के करीब 250 छात्र भाग ले रहे हैं। छात्राओं की कक्षाएं सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक चलती हैं। छात्रों ने समर कैंप का अनुभव साझा करते हुए बताया कि समर कैंप में गणित विज्ञान को बिल्कुल नए तरीके से पढ़ाया जा रहा है। इससे समझने में आसानी हो रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा नया आयाम
आईआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए समर कैंप एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रहा है। इस कैंप के माध्यम से उन्हें पढ़ाई के नए तरीके सीखने को मिल रहे हैं। आईआईटी के छात्रों के अनुभव से उन्हें कठिन विषयों को सरलता से समझने में मदद मिल रही है। इससे छात्रों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है और उनकी सोच को नया आयाम मिल रहा है। समर कैंप में गणित और विज्ञान के व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अधिक मजबूत हो रही है।
समर कैंप में छात्रों को काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। आईआईटीयन का अनुभव भविष्य में बच्चों के काम आएगा।-जय प्रकाश, प्राचार्य, राजकीय विद्यालय ऊंचागांव
छात्रों से बातचीत -
समर कैंप में गणित और विज्ञान को पढ़ाने का तरीका बहुत अलग और आसान है। सर हमें रोज नए तरीके से सवाल समझाते हैं। प्रियांशु, छात्रा
पहले विज्ञान के कई टॉपिक कठिन लगते थे, लेकिन अब उदाहरणों के साथ पढ़ाई होने से सब सरल लग रहा है।-डॉली
यहां पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल कराया जा रहा है। गणित के सवाल हल करने में मजा आने लगा है।-मोनिका
समर कैंप में सिलेबस से ही पढ़ाया जा रहा है। लेकिन समझाने का तरीका बहुत आसान है।-दक्ष