रोचक तरीके से पढ़ाने की देंगे टिप्स, सुविधाएं बढ़ाने के लिए रणनीति तैयार की जा रही
पीएमश्री स्कूल के शिक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करने का लिया गया निर्णय
अवध किशोर श्रीवास्तव
फरीदाबाद। प्रदेशभर के पीएम श्री स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने, रोचक ढंग से पढ़ाने और सुविधाएं बढ़ाने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। जिले के पांच पीएम श्री स्कूल में तैनात 10 शिक्षकों को दिल्ली आईआईटी के प्रोफेसर रोचक ढंग से पढ़ाने का गुर सिखाएंगे। शिक्षा विभाग की ओर से ऐसे स्कूल के शिक्षकों के चयन की प्रकिया शुरू कर दी गई है।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) को पत्र जारी कर सभी जिलों के पीएम श्री स्कूलों से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित के दो-दो शिक्षकों की सूची मांगी है। जिले के पांच पीएम श्री स्कूल में विज्ञान पढ़ाने वाले 10 शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। विभिन्न जिलों के 124 पीएम श्री स्कूल के शिक्षकों का चयन कर गुरुग्राम एससीईआरटी को भेजने निर्णय लिया गया है।
पीएम श्री स्कूल में अगले सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षा स्तर सुधारने और विद्यार्थियों की पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। प्रथम चरण में विद्यार्थियों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित को रोचक तरीके से पढ़ाने का गुर सिखाया जाएगा। इसके बाद अन्य विषय को चुना जाएगा। शिक्षकों को पढ़ाने के रोचक तरीके सिखाए जाएंगे। इसके तहत कठिन विषयों को विद्यार्थियों के लिए दिलचस्प तरीके से पढ़ाया जा सके। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को उनके विषयों से पारंगत बनाना है। इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को सीबीएसई के पढ़ाई के तरीकों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति की जानकारी दी जाएगी।
-
पीएम श्री स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए यह रणनीति तैयार की जा रही है। शिक्षकों को आईआईटी दिल्ली के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित विषय के दो-दो शिक्षकों की सूची मांगी गई है।
डॉ. अविनाशा शर्मा, संयोजक निपुण हरियाणा