एक माह ही कर पाएंगे इस्तेमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शैक्षणिक सत्र 2025-26 अब समाप्ति की ओर है। इसी बीच शिक्षा विभाग ने जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों के पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मार्च माह में छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। ऐसे में पहचान पत्र बनने पर भी छात्र केवल एक महीने तक ही उनका उपयोग कर पाएंगे। जानकारी के अनुसार सभी विद्यालयों से विद्यार्थियों का आवश्यक डेटा शिक्षा विभाग को भेज दिया गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पहचान पत्र तैयार कर विद्यालयों को भेज दिए जाएंगे। इस योजना के तहत जिले में करीब 20 हजार विद्यार्थियों के पहचान पत्र बनाए जाने हैं। पहचान पत्र से छात्रों की पहचान, उपस्थिति और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सुविधा मिलती है। हालांकि प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों का कहना है कि पहचान पत्र सत्र की शुरुआत में या अधिकतम सितंबर महीने तक बन जाने चाहिए, ताकि पूरे सत्र के दौरान छात्र उनका उपयोग कर सकें। सत्र के अंतिम समय में पहचान पत्र बनवाने से योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता है। अध्यापकों ने यह भी बताया कि पिछले साल भी पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन समय पर पहचान पत्र तैयार नहीं हो पाए थे।
वर्जन
शिक्षा विभाग द्वारा योजना को समय पर लागू करना चाहिए। हालांकि विभाग की इस योजना से जिले के छात्रों को फायदा पहुंचेगा। विभाग द्वारा राजकीय विद्यालयों को भी निजी विद्यालयों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। -चतर सिंह, जिला प्रधान, प्राथमिक शिक्षक संगठन