27palp3 - जवाहर नगर कैंप में धू धू कर जलता मकान।
-
- मकान में भरा हुआ था कॉस्मेटिक का सामान, मजदूर कर रहे थे पैकिंग का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जवाहर नगर कैंप स्थित एक मकान में पानी के डिस्पेंसर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग से मकान में रखा करीब 30 लाख रुपये का सामान जल गया। आग की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
जवाहर नगर कैंप निवासी वीरभान चावल ने बताया कि मंगलवाल देर शाम करीब साढ़े सात बजे उनके मकान की दूसरी मंजिल पर रखे पानी के डिस्पेंसर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से डिस्पेंसर फट गया और आग मकान में फैल गई। देखते ही देखते मकान की खिड़कियों व दरवाजों से आग की चिंगारी निकलने लगी। आग इतनी तेज थी कि मकान के पास जाना भी मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान सूचना देकर फॉयर बिग्रेड व पुलिस को मौके पर बुला लिया गया। फॉयर बिग्रेड की गाड़ी ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। वीरभान ने बताया कि उनके बेटे तनु की कपड़ों की दुकान है और कॉस्मेटिक के सामान का ऑनलाइन काम करता है। मकान की दूसरी मंजिल पर आग लगने के समय करीब 30 लाख रुपये कीमत का कॉसमेटिक का सामान व कपड़े रखे हुए थे, जो जल गए। हालांकि समय रहते मकान में पैकिंग का कार्य कर रहे कर्मियों ने नीचे उतर कर अपनी जान बचाई। मकान से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर वहां लोगों की भीड़ लग गई, लेकिन आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।