पिता का आरोप- मानसिक प्रताड़ना और लैपटॉप रखने के कारण बेटी ने उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वाईएमसीए कॉलेज की एक बीटेक छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में गांव के ही युवक पर प्राथमिकी दर्ज की है। युवक की पहचान रेवाड़ी के गांव मौतला खुर्द निवासी सौरभ के रूप में हुई है। सेक्टर-8 थाना पुलिस ने नौ माह बाद मृतका के पिता की शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई की है।
रेवाड़ी जिले के गांव मौतला खुर्द निवासी पीड़ित पिता अविनाश ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि इकलौती बेटी वंशिका (22) फरीदाबाद के वाईएमसीए कॉलेज में बीटेक थर्ड ईयर की छात्रा थी और कॉलेज के सरोजनी हॉस्टल के रूम नंबर 104 में रहती थी। नौ अगस्त 2025 की दोपहर को वंशिका ने माता-पिता से फोन पर अच्छे से बात की थी, लेकिन शाम करीब पांच बजे कॉलेज से फोन आया कि उसकी तबीयत बहुत खराब है। जब पिता अपने भाई के साथ कॉलेज पहुंचे, तो पता चला कि वंशिका ने कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
मृतका की रूम पार्टनर पिंकी ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ देर पहले वंशिका की उसके ही गांव के सौरभ से मोबाइल पर तेज-तेज आवाज में बहस हो रही थी। पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए करीब एक लाख रुपये की कीमत का एक लैपटॉप खरीद कर दिया था, जो उसकी मौत के बाद हॉस्टल के कमरे से गायब मिला। आरोप है कि गांव मौतला खुर्द निवासी सौरभ ने वंशिका को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उसका कीमती लैपटॉप भी अपने कब्जे में ले लिया। इसी प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उनकी बेटी ने आत्मघाती कदम उठाया है।
पिता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए। इस मामले में सेक्टर-8 थाने में पहले से ही मर्ग (इतल्लािया मौत) डीडी नंबर तीन दर्ज थी, जिसकी तस्दीक लंबित चल रही थी। पिता की नई शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार 26 मई को आरोपी सौरभ के खिलाफ धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।