सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न कराने का आरोप, अधिकारियों को नोटिस देकर की जाएगी पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-19 में सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सीवर सफाई कर्मचारी की मौत के मामले में ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने नगर निगम के तीन अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अब अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पलवल जिले के गांव मितरोल निवासी जोगिंद्र नगर निगम में वर्ष 2014 से सीवरमैन के पद पर कार्यरत थे। 11 जून को उन्हें सेक्टर-19 स्थित मकान नंबर 1310 के सामने सीवर की सफाई के लिए भेजा गया था। सफाई के दौरान सीवर में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से वह बेहोश हो गए। उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
मृतक के बेटे नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पिता को सीवर में उतरने से पहले कोई सुरक्षा किट, गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन सिलिंडर या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। परिजनों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और जरूरी उपकरण उपलब्ध होते तो जोगिंद्र की जान बचाई जा सकती थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने नगर निगम के एसडीओ इंद्रपाल, जेई महेंद्र और एक्सईएन संजीव कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों ने अधिकारियों की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी।