संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नहरपार क्षेत्र के किसान मुआवजा, ब्याज, रॉयल्टी और प्लॉट आवंटन में अनियमितताओं को लेकर 4 जून को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय फरीदाबाद पर प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय किसान संघर्ष समिति की बैठक में प्रधान जगबीर सिंह की अध्यक्षता में गांव भतौला में लिया गया। बैठक का संचालन महासचिव सत्यपाल नरवत ने किया।
जगबीर सिंह ने कहा कि सरकार ने मास्टर रोड के लिए 19 गांवों की जमीन का अधिग्रहण 2010 में किया था। किसानों को अधूरी भुगतान राशि तो दी गई, लेकिन उसका ब्याज आज 12 साल बाद भी नहीं मिला। सत्यपाल नरवत ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से बढ़ाए गए मुआवजे का दो माह का ब्याज भी बकाया है और किसानों को मिलने वाली रॉयल्टी बीते चार वर्षों से बंद है। किसानों की यह बकाया रकम एक अरब से अधिक है, लेकिन सरकार लगातार चुप्पी साधे हुए है। इसी को लेकर उनकी ओर से प्रदर्शन किया जाएगा।