- एसओएफ ओलंपियाड में दुनियाभर के लाखों छात्रों को पछाड़कर बढ़ाया जिले का मान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) की ओर से आयोजित ओलंपियाड परीक्षा 2025-26 में फरीदाबाद के दो छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। दोनों छात्रों ने अपने-अपने विषय में इंटरनेशनल रैंक-1 प्राप्त की।
दिल्ली पब्लिक स्कूल के कक्षा-5 के छात्र अथर्व अग्रवाल ने इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (आईएमओ) में पहला स्थान हासिल किया। वहीं मॉडर्न विद्या निकेतन के कक्षा-6 के छात्र समरवीर सिंह पठानिया ने इंटरनेशनल सोशल स्टडीज ओलंपियाड (आईएसएसओ) में वर्ल्ड रैंक-1 प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। दोनों छात्रों को पदक, सर्टिफिकेट ऑफ आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस और 16-16 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता में 72 देशों के लाखों छात्रों ने भाग लिया था, जिनमें फरीदाबाद से 57 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल थे। विजेता छात्रों को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एसओएफ के 28वें वार्षिक पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में एसओएफ के संस्थापक एवं निदेशक महाबीर सिंह ने छात्रों की मेहनत और स्कूलों के मार्गदर्शन की सराहना की।