संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सरकार ने ऑनलाइन ट्रांसफर पाॅलिसी लागू कर दी है। जिसके खिलाफ बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मंगलवार को 3 घंटे की भूख हड़ताल की और विरोध जताया। वहीं कर्मचारियों ने सरकार को ऑनलाइन ट्रांसफर पाॅलिसी रद्द करने के लिए एसडीओ को ज्ञापन पत्र भेजा है।
मंगलवार को सोहना सब डिवीजन बिजली विभाग कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पाॅलिसी का विरोध जताया है। विरोध प्रदर्शन दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम सब यूनिट सोहना द्वारा किया गया था। जिसमें बिजली विभाग के सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने सरकार व निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सोहना सब यूनिट प्रधान प्रेम पाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के खिलाफ नई-नई नीतियां बनाकर उनको प्रताड़ित कर रही हैं। जबकि सरकार कर्मचारियों के बिना अधूरी होती है। सरकार ने बिजली कर्मचारियों को परेशान करने के लिए ट्रांसफर पाॅलिसी बनाकर मनमानी की है। जिसका कड़ा विरोध किया जाएगा। कर्मचारियों ने ट्रांसफर पाॅलिसी को रद्द कराने के लिए विभाग एसडीओ को ज्ञापन सौंपा है। इस मौके पर देवी सिंह पंवार, यूनिट वरिष्ठ उपप्रधान सतबीर सिंह, पंडित सोनू, हरकेश, जवाहर, उमेश खटाना, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।