संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) फरीदाबाद की ओर से 19 अगस्त को संबंधित ठेकेदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद के अधीक्षण अभियंता (एसई) अमित कंबोज ने की।
बैठक में ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, ग्रेटर फरीदाबाद और एनआईटी फरीदाबाद के कार्यकारी अभियंताओं सहित संबंधित अधिकारी और योजना से जुड़े सभी ठेकेदार मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसई अमित कंबोज ने सभी ठेकेदारों को निर्देश दिए कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगवाने वाले उपभोक्ताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना को सफल बनाने के लिए डीएचबीवीएन की ओर से उपभोक्ताओं और ठेकेदारों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगवाने वाले उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ठेकेदारों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए। बैठक में पात्र उपभोक्ताओं को योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
डीएचबीवीएन फरीदाबाद की ओर से पात्र उपभोक्ताओं से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की गई। निगम ने लोगों से अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप लगवाकर योजना का लाभ लेने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में योगदान देने का आग्रह किया।