मोड़ पर अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई थी स्कूटी, संजय कॉलोनी में हुआ हादसा
मुजेसर थाने में रविवार को दर्ज की गई बिजली विभाग पर लापरवाही की धारा में एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। संजय कॉलोनी की गली नंबर 12 के मोड़ पर लगे बिजली के खंभे के पास खुले पड़े तार से करंट लगने से स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि उसकी साथी गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है। आरोप है कि मोड़ पर स्कूटी अनियंत्रित होने से खंभे से टकरा गई। जिसके चलते खुले तार से दोनों महिलाओं को करंट लग गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मृतका महिला तृष्णा विश्वास (42) के पति शशांक के बयान पर मुजेसर थाने में बिजली विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बिजली विभाग को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों का पता लगाया जा रहा है। जिसके बाद लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के पति शशांक विश्वास ने बताया कि वो पर्वतीय कॉलोनी नंगला रोड के रहने वाले हैं। अभी वो संजय कॉलोनी की गली नंबर 14 में रहते हैं। इनकी पत्नी तृष्णा सेक्टर-23ए में रहने वाली कंकोना राय (35) के पास घरों में टिफिन सर्विस का काम करती थी। कंकोना राय रिश्ते में उनकी मामी भी लगती हैं। यह हादसा शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे हुआ। कंकोना अपनी स्कूटी से तृष्णा को संजय कॉलोनी छोड़ने आ रही थी। गली नंबर 12 में वो मुड़ने लगे तो स्कूटी अनियंत्रित होकर कोने पर लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। आरोप है कि खंभे के पास बिजली का तार खुला पड़ा था जिससे तृष्णा के हाथ पर करंट लग गया। स्कूटी पर होने के चलते कंकोना को भी करंट लगा और दोनों स्कूटी समेत जमीन पर गिर गईं।
ये देखकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए। लोगों ने दोनों महिलाओं व स्कूटी को तार से अलग किया। करंट लगने से दोनों बुरी तरह झुलस गईं थीं। दोनों को पहले सेक्टर-23 के निजी अस्पताल और फिर नीलम चौक के पास एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां तृष्णा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कंकोना का गंभीर हालत में आईसीयू में इलाज चल रहा है।
मृतका तृष्णा के पति शशांक का कहना है कि ये हादसा बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ है। उसी के चलते तृष्णा की मौत हुई और कंकोना आईसीयू में जिंदगी व मौत से जूझ रही है। मामले में मुजेसर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
वहीं मामले को लेकर बिजली विभाग की कार्यकारी अभियंता उर्मिला रानी का कहना है कि हादसे के बाद उन्होंने भी मौके पर जाकर चेक किया। वहां पर बिजली विभाग की ओर से एलटी लाइन डाली गई है। एलटी लाइन हमेशा झटका देकर फेंक देती है। इस हादसे में महिला तार से चिपक गई। ऐसे में अंदेशा कि किसी प्राइवेट एजेंसी ने इंटरनेट का तार डाला हो और उससे करंट लगा हो। हादसे को लेकर बिजली विभाग खुद भी अपने स्तर पर जांच कर रहा है।