- एनआइटी तीन में प्राची अस्पताल के बाहर हुआ हादसा
- मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसजीएम नगर थाना इलाके में शनिवार देर रात सड़क हादसे में 67 साल के बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अजय महतो सड़क किनारे चाय की रेहड़ी लगाते थे। शनिवार देर रात लगभग 3 बजे वो खेका लगाने की तैयार कर ही रहे थे तभी स्विफ्ट कार सवार ने उन्हें कुचल दिया। तेज रफ्तार कार दो बाइकों से टकराने और बाइक के नीचे फंसने से रुकी। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कार चालक अमन एनआईटी एक इलाके का रहने वाला है। एसजीएम नगर थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक अजय महतो बिहार वैशाली के मूल निवासी थे और बीते 8 साल से यहां एनआईटी तीन में रहते थे। वो एनआईटी तीन में चिमनी बाई चौक के पास स्थित निजी अस्पताल के बाहर चाय की रेहड़ी लगाते थे। अजय महतो के बेटे लक्ष्मण ने बताया कि रोज की तरह शनिवार देर रात लगभग 3 बजे उसके पिता खोका लगाने पहुंचे। यहां सामान रखकर वो तैयारी कर ही रहे थे तभी स्विफ्ट कार सवार ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई है।
टक्कर की आवाज सुनकर राहगीर व पास स्थित निजी अस्पताल से लोग आए। मौके पर ही लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई तो टीम ने आरोपी चालक को काबू किया। वहीं पकड़े गए कार चालक ने पूछताछ में बताया कि उसकी कार के टायर की हवा अचानक से निकल गई। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर चाय की रेहड़ी में घुस गई।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
एक अन्य हादसे में रविवार सुबह लगभग 11 बजे जवाहर कॉलोनी में सड़क किनारे एक व्यक्ति भी हादसे का शिकार हो गया। युवक वहां बाइक खड़ी कर अपना सामान रखकर पास की दुकान पर गया था। इसी दौरान कैंटर चालक आया और बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसमें पीड़ित की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उसका काफी नुकसान हो गया।