फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को 48 सरकारी व 12 निजी केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इस दौरान कुल 16793 लोगों ने टीकाकरण कराया। अकेले बीके नागरिक अस्पताल परिसर में महिला-पुरुष व दूसरी डोज लगवाने वालों के लिए तीन अलग-अलग केंद्र बनाए गए। बेहतर प्रबंधन के बीच लोगों की परेशानी व टीकाकरण के लिए मारामारी आधी रह गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में वैक्सीन की खेप पर्याप्त है। इससे अधिक केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की जा रही है। सोमवार को बीके नागरिक अस्पताल में बने तीन केंद्रों में से महिलाओं के लिए बने केंद्र पर भीड़ दिखाई दी। पुरुषों की लाइन में कम ही लोग इंतजार करते दिखे। उधर दूसरी डोज वालों मात्र दो मिनट में वैक्सीनेशन की सुविधा मिल रही थी। इससे लोगों को काफी सुविधा मिली और लंबी लाइन में लगने की समस्या से मुक्ति रही।
टीकाकरण नोडल डॉ. राजेश श्योकंद ने बताया कि जिले में टीकाकरण को सफल बनाने के लिए विभाग हर दिन परेशानियों पर संज्ञान ले रहा है। टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ कम हो। लोगों को अधिक से अधिक वैक्सीन लगवाने के लिए सुविधा मिले, इसका ध्यान रखा जा रहा है। वैक्सीन की कमी होने पर समस्या को भी निदेशालय स्तर से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में अभी तक तीन लाख से अधिक लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं।