संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। हरी विहार 10 नंबर गली में भैंस बांधने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा होने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार की रात की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और दोनों ही तरफ से जमकर पत्थरबाजी भी हुई। इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
झगड़े के वायरल वीडियो के अनुसार लोग एक दूसरे के खून के प्यासे दिखाई दे रहे हैं। विवाद, सरकारी रास्ते में भैंस को बांधने को लेकर शुरू हुआ। पप्पू सिंह और घायल राज के मुताबिक उनको पानी के लिए कनेक्शन लेना था, लेकिन, दूसरे पक्ष जितेंद्र ने भैंस हटाने से मना कर दिया और उनके ऊपर लाठी डंडे व पत्थरबाजी की गई। इसमें उनके पक्ष के 2 लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। थाना आदर्श नगर प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जिस पक्ष को चोट लगी है, उनकी शिकायत और मेडिकल के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।