लोगाें ने कहा, जलभराव के बाद निकासी का नहीं है कोई इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद मार्केट में शौचालय नहीं होने के कारण दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्केट में जगह- जगह गंदगी के कारण सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट में लावारिस पशुओं और कुत्तों के आतंक से परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति से भी जूझना पड़ता है। यह बातें बृहस्पतिवार को मार्केट के दुकानदारों ने संवाद कार्यक्रम में कहीं और प्रशासन से समाधान की मांग की।
रतन, रवि, कमल, एस के, उमेश, संजय, विनय व अन्य लोगों ने बताया कि सड़क कई वर्षों से खराब पड़ी हुई है। इसको लेकर कई बार शिकायत भी प्रशासन से की गई है। मार्केट में पार्किंग की भी व्यवस्था नहीं है जिसके कारण सुबह- शाम जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि इन सभी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उम्मीद है कि आपके माध्यम से अधिकारी सुन लें और जल्द इसका समाधान करें।
दुकानदारों से बातचीत
सबसे बड़ी समस्या शौचालय नहीं होने की है। हमारी प्रशासन से मांग है कि समस्या की ओर ध्यान दिया जाए। -
रवि डुडेजा, दुकानदार
सड़क खराब होने के चलते कई बार लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। सड़क का निर्माण जल्द होना चाहिए। -
राजेश, दुकानदार
मार्केट में बरसात के मौसम में जलभराव होता है। जिसकी निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। -
तरुण गोयल, दुकानदार
-
लावारिस पशु आए दिन लोगों पर हमला कर देते हैं। जिससे लोगों को चोट भी आ जाती है। -
अशोक अरोड़ा, दुकानदार
-
मार्केट में सीवर ओवरफ्लो की समस्या रहती है। जिससे गंदगी फैली रहती है। -
ओम प्रकाश, दुकानदार
-
कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण किया हुआ है। इससे आधी सड़क लोगों ने घेरी हुई है। -
हरीश अरोड़ा, दुकानदार