फरीदाबाद। कॉलेजों में बुधवार को पोर्टल का सर्वर धीमा होने से छात्रों को सीट अलॉट करने और फीस भरने में परेशानी हुई। मंगलवार को भी पोर्टल न खुलने से ओपन काउंसलिंग में दिक्कत हुई थी। एक छात्र का फीस जमा कराने में करीब आधे घंटे का समय लगा।
एनआईटी तीन स्थित डीएवी कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. डीपी वेद ने बताया कि कॉलेज में सुबह आठ बजे से छात्रों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। लेकिन, पोर्टल खुलने के बाद से ही सर्वर डाउन हो गया। जिसकी वजह से सीट अलॉट व फीस भरने में परेशानी आई। उन्होंने बताया कि वैसे तो पोर्टल को मंगलवार की सुबह खोलना था। लेकिन देर शाम आठ बजे खोला गया। इसलिए बुधवार की सुबह दाखिला प्रक्रिया को शुरू किया गया। पोर्टल का सर्वर डाउन होने की वजह से ओपन काउंसलिंग व फीस के समय सीमा को भी बढ़ाया गया है।
केएल महता दयानंद कॉलेज की प्रिंसिपल वंदना ने बताया कि सुबह पोर्टल खुलने के बाद हर छात्र को सीट देने की कोशिश की जा रही है। छात्रों की सुविधा के लिए हर समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग खिड़की बनाई गई हैं। अगर किसी को एडमिशन लेना है तो उसको खिड़की नंबर एक पर आकर सीट अलॉट की जाएगी। फीस जमा करवाने के बाद वेरिफिकेशन के दो दिन के अंदर कॉलेज में आकर दस्तावेज जांच करवानी होगी।