-शहर के बीचों-बीच व्यस्त इलाके किठवाड़ी चौक के पास हुई वारदात
-बदमाशों ने कार में टक्कर मारकर महिला के गले की चेन लूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के व्यस्त इलाके किठवाड़ी चौक के पास कार सवार बदमाशों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने न केवल कार में टक्कर मारी, बल्कि बीच सड़क पर परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई और युवक ने सिर पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी।
कुशलीपुर निवासी नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां और आंटी के साथ कार में सवार होकर तुला अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार को देखने जा रहा था। किठवाड़ी चौक के पास पीछे से आई एक स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जब उन्होंने कार रोकी तो स्विफ्ट से उतरे चार-पांच युवकों ने उन्हें जबरन बाहर खींच लिया और पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने आई उसकी मां के साथ भी बदमाशों ने हाथापाई की और उनके गले से सोने की चेन छीन ली। शोर सुनकर पास में काम कर रहा परिचित बंटी बीच-बचाव के लिए आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। भीड़ जुटने पर आरोपियों में से एक ने अपने साथी को पिस्टल निकालने के लिए कहा। इसके बाद नवीन के सिर पर हथियार तानकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना में घायल नवीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंप थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट, लूट, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए वाहन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।