साईं मंदिर के पास मिला ऑटो चालक का शव, हत्या की आशंका
फरीदाबाद। संत नगर निवासी एक व्यक्ति का शव बृहस्पतिवार रात को साईं मंदिर के पास मिला। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। मृतक के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला, उसके भाई व भाभी सहित तीन अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के दौरान जमकर हंगामा किया। उन्होंने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंचे एसीपी सेंट्रल आत्माराम ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया, जिसके बाद पोस्टमार्टम हुआ। थाना सेंट्रल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विष्णु गर्ग ऑटो चलाते थे। उनके दामाद राहुल ने बताया कि रोज की तरह बृहस्पतिवार को भी उनके ससुर ऑटो लेकर निकले काम पर निकले थे। शाम को घर पर तीन लड़के आए और उन्होंने विष्णु के बारे में पूछा तो घर में मौजूद उनकी सबसे छोटी बेटी ने बताया कि वह काम पर गए हुए हैं। उन्होंने विष्णु की बेटी को एक मोबाइल नंबर दिखाया, जोकि उसके पिता का मोबाइल नंबर था। इसके बाद तीनों युवक वहां से चले गए। रात को करीब 8.30 बजे घर वालों ने विष्णु का फोन मिलाया तो वह बंद था। इसके थोड़ी देर बाद ही उनके पास ओल्ड थाने से फोन आया कि वे बीके अस्पताल में आ जाएं, वहां पहुंचे तो पता चला कि विष्णु की मौत हो चुकी है। राहुल के अनुसार विष्णु गर्ग के मुंह से झाग निकल रहा था।
शुक्रवार को बीके अस्पताल में परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। पीड़ित परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला, उसके भाई व भाभी सहित घर आए उन तीन युवकों पर विष्णु की प्रसाद में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। इसको लेकर काफी देर तक वहां हंगामा होता रहा। एसीपी सेंट्रल आत्माराम व थाना सेंट्रल प्रभारी राजदीप मोर मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद जाकर शव का पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।