दिल्ली से चुराई कार छोड़ दूसरी कार ले उड़े चोर
फरीदाबाद। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने रविवार को लावारिस हालत में एक बोनट खुली कार बरामद की। जांच करने पर पता चला कि कार दिल्ली से चुराई हुई है। चोर मौके से एक होंडा सिटी कार चुरा ले गए, जबकि यहां यह कार छोड़ गए। माना जा रहा है कि इस कार के खराब होने के कारण इसे छोड़ा गया होगा।
सेक्टर-31 मार्केट में रविवार सुबह लोगों ने बोनट खुली लावारिस होंडा सिटी कार देखी तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच की तो पता चला कि कार दिल्ली से चुराई हुई है। थोड़ी देर बाद ही पुलिस को सूचना मिली कि जहां से लावारिस कार मिली उसके पास से ही एक होंडा सिटी कार चोरी भी हुई है। जांच अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि जो कार बरामद हुई है, वह दिल्ली से चुराई गई है। इस बारे में दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी गई है। इसके अलावा जो कार यहां से चोरी हुई है, उसका पता लगाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि दिल्ली से चुराई कार के खराब होने पर चोर उसे यहां छोड़कर दूसरी कार चुरा ले गए। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ब्यूरो