साइबर ठगों ने एक महिला के खाते से 19 हजार रुपये निकाल लिए। महिला के साथ जिस समय यह घटना हुई, उस समय वह फिरोजाबाद में थी और उसका एटीएम कार्ड भी उनके पास था। इसके बावजूद उनके खाते से एटीएम के माध्यम से फरीदाबाद में रुपये निकल गए।
थाना सूरजकुंड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मानेसर, गुरुग्राम निवासी नीता तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले साल 28 दिसंबर को वह किसी काम से फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश गई हुई थी।
रात को करीब 9.30 बजे उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने का मैसेज आया। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह उनके बैग में ही रखा था। बैंक में शिकायत करने पर पता चला कि बड़खल स्थित एक एटीएम से उनके रुपये निकले हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की। साइबर सेल ने जांच के बाद शुक्रवार को उनकी शिकायत पर सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज करवाया। ब्यूरो