तलाशी होती देख नशीला पदार्थ छोड़ कर भागा तस्कर
फरीदाबाद। स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस ट्रेन में तलाशी होती देख तस्कर 11 किलोग्राम मादक पदार्थ से भरा बैग छोड़कर फरार हो गया। जीआरपी ने बैग कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी का केस दर्ज किया है। जीआरपी सब इंस्पेक्टर सोहनपाल के अनुसार शुक्रवार शाम उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि अम्रतसर की ओर जा रही स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस ट्रेन में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ तस्करी कर लाया जा रहा है। फरीदाबाद स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर जीआरपी ने जनरल कोच में यात्रियों के सामान की तलाशी शुरू कर दी। जांच में एक बैग सीट के नीचे लावारिस हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने खोला तो बैग में नशीला पदार्थ भरा हुआ था। किसी भी यात्री ने बैग उसका होने का दावा नहीं किया तो जीआरपी ने उसे कब्जे में ले लिया। सोहनपाल ने बताया कि केस दर्ज कर अज्ञात तस्कर की तलाश की जा रही है। ब्यूरो