फर्जी कागज बना ओएलएक्स पर बेचता था वाहन, गिरफ्तार
फरीदाबाद। चोरी के वाहनों के फर्जी दस्तावेज बनाकर ओएलएक्स पर बेचने के आरोपी को क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की तीन कारें, एक मोटरसाइकिल व 1.45 लाख रुपये बरामद किए हैं।
सेक्टर-88 गांव भतौला निवासी रविकांत चंदीला ने थाना खेड़ीपुल थाने में मामला दर्ज करवाया था कि उन्होंने फिरोजपुर झिरका निवासी मोहम्मद हारुन से एक कार खरीदी थी। उन्होंने जब उस कार की ओरिजनल आरसी व चाबी मांगी तो वह उनको टालता रहा। बाद में पीड़ित ने जब दस्तावेज की जांच करवाई तो वह फर्जी मिले। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में शाहदरा, दिल्ली निवासी फैजान को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर प्रभारी एसआई संदीप ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह वाहन चोरी कर उनके इंजन चेसिस नंबर बदलकर उन्हें ओएलएक्स पर बेचने के लिए डाल देता है। अपने साथियों की मदद से वह चोरी के वाहनों के फर्जी कागज तैयार करवा लेता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन कार, जोकि दिल्ली से चुराई गई थी। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल व 1.45 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।