धोखाधड़ी करने वाले तीन नाइजीरियन गिरफ्तार
साहिबाबाद। महंगे विदेशी बीज को सस्ते दाम पर बेचने के नाम पर एक युवक से दस लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन नाइजीरियाई नागरिकों को खोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने फरवरी में खोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पकड़े गए आरोपियों में दो युवतियां भी हैं।
एएसपी इंदिरापुरम रवि कुमार ने बताया कि खोड़ा निवासी त्रियेश शर्मा ने सात फरवरी को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फेस बुक के जरिए त्रियेश के संपर्क में कुछ नाइजीरियन आए थे। उन्होंने त्रियेश को महंगे विदेशी बीज सस्ते में भेजने की जानकारी देने के साथ धनराशि खाते में जमा करवाई। इसके बाद माल कस्टम में फंसने और रिजर्व बैंक के नाम पर रुपये लिए गए। 10 लाख रुपये लिए जाने के बाद भी माल उन्हें नहीं मिला। इसके बाद आरोपियों ने उनकी काल रिसीव करना बंद कर दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस मामले में खोड़ा से तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। इनमें महरौली दिल्ली में रह रहे नाइजीरिया मूल के नागरिक इबोह, तंजानिया मूल की युवती जहारा और क्रिस्टिना है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।