भाजपा नेता की कार तोड़ी, लूटा
फरीदाबाद। वृद्धाश्रम का लोकार्पण करने पहुंचे भाजपा नेता गजेंद्र भड़ाना और उनके साथियों की कार को एक दबंग ने क्षतिग्रस्त कर दिया। भाजपा नेता ने विरोध किया तो दबंग ने उन्हें भी डंडे से पीटा और मोबाइल-नकदी छीन कर भाग निकला। पीड़ित की शिकायत पर आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
लक्कड़पुर निवासी भाजपा नेता गजेंद्र भड़ाना उर्फ लाला सोमवार को प्रवीन जोशी, संजीव जोशी और अन्य साथियों के साथ अनंगपुर स्थित एक वृद्धाश्रम का लोकार्पण करने गए थे। समारोह स्थल के बाहर कारें खड़ी कर सभी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच गए। कुछ ही देर बाद गजेंद्र भड़ाना के चालक ने फोन कर बताया कि एक युवक ने डंडे मार कर उनकी तीन कारें तोड़ डाली हैं। कार्यक्रम छोड़कर वह लोग बाहर निकले तो एक युवक कारों पर लगातार डंडे चलाता हुआ दिखा। उन्होंने रोकने का प्रयास किया तो हमलावर ने उन पर भी डंडे बरसा दिए। वह बचाव करने आए तो हमलावर उनकी जेब में रखे 2100 रुपये और मोबाइल फोन निकाल कर भाग निकला। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। आननफानन में मौके पर पहुंचे एएसआई ब्रह्म प्रकाश ने पूछताछ कर एक घर में छिपे आरोपी को ढूंढ निकाला। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिल कुमार निवासी अनंगपुर के रूप में हुई। एसएचओ सूरजकुंड इंस्पेक्टर पंकज ने बताया कि आरोपी के कब्जे से छीना गया फोन और नकदी बरामद कर ली गई। आरोपी को जेल भेज दिया गया।