गुरुग्राम से सवारी बन कर बैठे बदमाशों ने कार लूटी
फरीदाबाद। इफ्को चौक से सोमवार रात लिफ्ट लेकर बैठे तीन बदमाशों ने तमंचे के बल चालक को पीट कर कार लूट ली। बदमाश चालक को पीटने के बाद गुुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर एमवीएन नाके के पास कार से धक्का देकर फरार हो गए। सूरजकुंड थाने पहुंचे पीड़ित की जीरो रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने केस गुरुग्राम पुलिस को ट्रांसफर कर दिया।
ददसिया गांव निवासी प्रेम खान कैब चालक है। प्रेम के मुुताबिक सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे वह फरीदाबाद लौट रहा था। इफ्को चौक पर तीन लड़के कार रुकवा कर फरीदाबाद के लिए बैठे। कार जब डीएलएफ एरिया में पहुंची एक युवक ने प्रेम के सिर में तमंचा अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी दे पीछे बैठने को कहा। पीछे दो बदमाशों ने उसकी लात घुसों और तमंचे की बट से पिटाई करना शुरू कर दी जबकि तीसरा बदमाश कार चलाता हुआ फरीदाबाद की ओर चल दिया। एमवीएन नाके के पास बदमाश उसे धक्का दे सड़क पर गिरा कर फरार हो गए। प्रभारी एसएचओ ने बताया कि वारदात गुरुग्राम पुलिस के अधिकारक्षेत्र में हुई है इसलिए केस दर्ज कर वहां भेज दिया गया है।