पेट्रोल पंप कारोबारी से हड़पे दो करोड़ रुपये
- प्रॉपर्टी में निवेश करवाने व कारोबार में घाटा होने का झांसा देकर हड़पे थे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पेट्रोल पंप कारोबारी से व्यापार में घाटा होने का और फिर प्रॉपर्टी में निवेश करवाने का झांसा देकर करीब दो करोड़ रुपये लेकर उसे वापस नहीं लौटाने पर थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने बल्लभगढ़ के एक चीनी व घी कारोबारी के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-19 निवासी मुकेश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पेट्रोल पंप व तारकोल का कारोबार है। बल्लभगढ़ निवासी घी व चीनी कारोबारी राम गोपाल, मिथलेस गोयल, सुभाष गोयल व वैभव गोयल का उनके घर पर आना जाना था और परिवार के साथ अच्छे रिश्ते थे। मुकेश गुप्ता के अनुसार, वर्ष 2015 में उक्त आरोपियों ने उनसे कहा कि उनकी एक डील अटकी हुई है। उसके लिए उनको करीब दो करोड़ रुपये की जरूरत है। यदि पैसे नहीं मिले तो उनका बहुत नुकसान हो जाएगा। इस पर उन्होंने मई 2015 में अपनी प्रॉपर्टी गिरवी रखकर आरोपियों की फर्म मेसर्स लक्ष्मी नारायण राम गोपाल के खाते में 1.97 करोड़ ट्रांसफर करवाए थे।
कुछ समय बाद जब मुकेश गुप्ता ने आरोपियों से अपना रुपया मांगा तो उन्होंने पांच बार में उनके खाते में 66.56 लाख रुपये डाले थे। इसके बाद जब मुकेश गुप्ता ने बकाया 1.30 करोड़ रुपये मांगे तो आरोपियों ने उन्हें कहा कि वे सेक्टर-10 में एक प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं, जिसमें उन्हें व उनकी पत्नी को पार्टनर बना लेंगे। मगर कुछ समय बाद पीड़ित को पता चला कि आरोपियों ने वह प्रॉपर्टी अपने ही नाम करवा ली। इस पर उन्होंने उनसे अपने रुपये मांगे तो उन्हें अपहरण व जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच कर रही है।