लुटेरे गिरफ्तार, ग्यारह मोबाइल बरामद
- बाइक पर सवार होकर देते थे घटनाओं को अंजाम
- रात के समय सड़क पर निकलने वाले राहगीर बनते थे निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना सीपरी बाजार पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने ग्यारह मोबाइल, तमंचा व बाइक बरामद की है। तीनों युवक एक साथ मिलकर बाइक पर सवार होकर लूटपाट करते थे।
एसपी सिटी देवेश पांडेय ने पत्रकारों को बताया कि ग्वालियर रोड स्थित महेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी नरेंद्र शिवहरे के पुत्र मयंक के कोचिंग जाते समय आईटीआई स्थित अंडरब्रिज के पास बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल व दो हजार रुपये छीन लिए थे। शिकायत के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई थी। इसके पहले भी क्षेत्र में हुई घटनाओं के चलते पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी थी। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की जांच के दौरान पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। रविवार को थाने के उपनिरीक्षक विजय कुमार द्विवेदी, उदयवीर सिंह, जितेंदर सिंह और अजीत सिंह ने घटना को अंजाम देने से पहले खोड़न से सुदामापुरी को जाने वाले अंडरब्रिज से बाइक सवार बदमाशों को पकड़ लिया। तीनों ने अपने नाम मिशन कम्पाउंड निवासी अमन कुरैशी, सिद्धेश्वर नगर आईटीआई निवासी सोनू बाल्मीकि और हुसैन खान बताए। पुलिस ने तीनों के पास से लूटे गए ग्यारह मोबाइल व तमंचा बरामद किए। बरामद बाइक को घटनाओं में उपयोग किया जाता था। बताया गया है कि रात के समय निकलने वाले राहगीरों, युवकों और लड़कियों को निशाना बनाकर मोबाइल, पर्स व अन्य सामान छीनकर भाग जाते थे।
जेल में बना ली थी गैंग
आईटीआई निवासी सोनू बाल्मीकि और हुसैन खान पहले भी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार होने के बाद जेल भी गए थे। यहां पहले से ही जेल में मौजूद अमन से दोस्ती हो गई थी। यहां तीनों ने एक गैंग बनाई। जेल से छूटने के बाद फिर से तीनों लूटपाट करने लगे।