महिलाओं ने भी दोनों को थप्पड़ मारे और धक्का-मुक्की की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कोर्ट परिसर में लव मैरिज करने वाले युवक-युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की पक्ष के लोग दोनों के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गांव कामर निवासी युवक धर्म ने 27 अप्रैल को फरीदाबाद कोर्ट में पलवल जिले के गांव बागपुर की रहने वाली युवती से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों को अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा था। इसी कारण 1 मई को वे कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराने और सुरक्षा की मांग के लिए पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि जब दोनों अपने वकील के साथ लघु सचिवालय परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी लड़की पक्ष के लोगों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और युवक-युवती को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान महिलाओं ने भी दोनों को थप्पड़ मारे और धक्का-मुक्की की। कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद एक महिला वकील और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि लड़की पक्ष के लोग लगातार मारपीट करते रहे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवक और युवती की मुलाकात फेसबुक के माध्यम से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी करने का निर्णय लिया।
सेंट्रल थाना प्रभारी रणबीर के मुताबिक, घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे, जहां बातचीत कराई गई। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।