फरीदाबाद। हैदराबाद और पुणे की तर्ज पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने फ्लाईओवर अब स्मार्ट नजर आएंगे। इसके लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने हाईवे को स्मार्ट बनाने की योजना तैयार की है। योजना के तहत फ्लाईओवरों पर चित्रकारी कराई जाएगी। रंगबिरंगी लाइटें लगाई जाएगी। एक सप्ताह में इस योजना पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर को ग्रीन और क्लीन फरीदाबाद बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले सड़कों स्मार्ट बनाया जा रहा है। सड़कों पर सुंदर स्ट्रीट लाइटों के साथ वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद साथ ही अब स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने स्मार्ट सिटी के दायरे में आने वाले फ्लाईओवर को स्मार्ट बनाने की तैयारी की है। इसमें बदरपुर बॉर्डर से ओल्ड फरीदाबाद चौक तक सड़कों को तिरंगा रूप दिया जाएगा। सड़कों के ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरे रंग की लाइटें लगाई जाएगी। रंग-बिरंगी लाइटों का कनेक्शन स्ट्रीट लाइट के साथ जोड़ा जाएगा। एक खंभे पर चार वॉट की एलईडी लाइट्स होंगी, जिसका खर्च बेहद कम आएगा। इन लाइटों की मरम्मत कार्य स्मार्ट सिटी द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए सभी अंडरपास, फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड, मेट्रो पिलर्स पर पेंटिंग की योजना बनाई है।
फ्लाईओवर की दीवारों पर क्लीन फरीदाबाद, ग्रीन फरीदाबाद का संदेश देती तस्वीरें भी दीवार पर उकेरी जा रही हैं। इसमें सूखा कचरा, गीला कचरा को अलग-अलग करने जैसे जागरूकता संदेश भी नजर आ जाएंगे। फ्लाईओवर के नीचे ग्रीन बेल्ट को नए सिरे से बनाया जाएगा। रंगीन और रंगबिरंगी लाइटें इसकी खूबसूरती और बढ़ा देगी। इसके साथ ही फव्वारे लगाए जाएंगे। न फव्वारों को भी रंगीन लाइटों से संवारा जाएगा।
वर्जन
शहर को स्मार्ट बनाने की दिशा में स्मार्ट सिटी लिमिटेड तेजी से कार्य कर रहा है। फ्लाईओवर की दीवारों को सुंदर चित्रकारी के साथ नीचे के हिस्से में रंगबिरंगी लाइटें लगाई जाएगी। इससे शहर की सुंदरता और बढ़ेगी। - डॉ. गरिमा मित्तल, सीईओ, फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड