Christmas preparations begin, city markets decorated, gift items including jingle bells are out
फरीदाबाद। शहर में क्रिसमस की रौनक दिखाई देने लगी हैं। घरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं क्रिसमस ट्री, सांता की ड्रेस समेत गिफ्ट आइटमों से नगर के बाजार सज गए हैं। बाजारों से गिफ्ट आइटम आदि की खरीददारी लोगों ने शुरू कर दी है। क्रिसमस डे आने में सिर्फ पांच दिन शेष हैं। ऐसे में इसको लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। घरों में साफ-सफाई से लेकर अन्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। रंगरोगन, लाइटिंग समेत साज-सज्जा करने में लोग जुटे हुए हैं। क्रिसमस पर खास तरह का केक समेत अन्य पकवान बनाने के लिए नई-नई रेसिपी अजमाने में महिलाएं जुटी हैं। घरों में कैरोल सिंगिंग का दौर भी शुरू हो गया है। लोग प्रभु यीशु के आगमन का संदेश देंगे। क्रिसमस डे पर चर्च में प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इसके लिए गिरजाघरों में भी लाइटिंग और अन्य साज सज्जा के लिए अभी से ही तैयारी चल रही है।
म्यूजिकल खिलौने बने आकर्षण
बाजारों में विभिन्न विभिन्न तरह के क्रिसमस ट्री, जिंगल बेल, सांता की ड्रेस और टोपियां मौजूद हैं। क्रिसमस ट्री जहां 50 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तो सांता की ड्रेस 275 रुपये से तीन हजार रुपये तक में बिक रही हैं। टोपियों के साथ-साथ सांता हेयर बैंड भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। म्यूजिक बजाते हुए डांस करता हुआ सांता क्लाज (खिलौना) लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इसके अलावा घड़ियां, लड़ियां, म्यूजिकल खिलौनों से दुकानें सजी हुई हैं। गिफ्ट गैलरी के मालिक दिनेश ने बताया कि क्रिसमस के लिए डेकोरेशन का सामान, गिफ्ट लोग खरीदने के लिए आ रहे हैं। दुकानदार पंकज ने बताया कि पिछले दो साल से कोरोना के चलते कारोबार प्रभावित हुआ था। लेकिन इस बार मुनाफा होने की उम्मीद बढ़ी है।