- गांव साहूपुरा में आरोपी का था मेडिकल स्टोर, यहीं से ली थी नींद की दवाइयां
हेमलता रावत
बल्लभगढ़। सेक्टर-62 निवासी कुश (13) को आरोपी विशाल ने नींद में रखने के लिए अल्प्रेक्स दवा की ओवरडोज दे दी थी। दवा के असर से ढाई घंटे के अंदर ही बच्चे की मौत हो गई थी। उसने यह दवा स्वयं के साहूपुरा स्थित मेडिकल स्टोर से ली थी। मंगलवार को हत्यारोपी विशाल को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
घटना में सुबूत जुटाने के लिए न्यायालय ने विशाल को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर दिया हुआ था। मंगलवार को उसकी रिमांड अवधि पूरी हो गई। थाना प्रभारी अमित ने बताया कि मंगलवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी विशाल को जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इस घटना को उसने अकेले ही अंजाम दिया है। इस घटना में परिवार का अन्य कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं है। पूछताछ में पुलिस ने जब दवा के बारे में पूछा तो उसने बताया कि बच्चे को नींद में रखने के लिए उसने अल्प्रेक्स दवा की अधिक डोज दे दी थी।
साहूपुरा में विशाल का है मेडिकल स्टोर
नींद के लिए अल्प्रेक्स की गोलियां का प्रयोग मरीज डॉक्टर के परामर्श के बाद ही कर सकता है। यह गोली मेडिकल स्टोर से किसी भी डॉक्टर के बिना परामर्श के बेचना भी निषेध है। यदि कोई मेडिकल स्टोर संचालक इस दवा को बेचता है तो उसको इस दवा का पूरा रिकॉर्ड मेंटेन करना होता है। यह दवा सबसे ज्यादा डॉक्टर द्वारा मानसिक रूप से परेशान मरीज जिनको नींद नहीं आती है, उनको परामर्श करते हैं।
एक आदमी का नहीं है काम
कुश के पिता उमेश का आरोप है कि इस घटना को अंजाम देने में विशाल के साथ अन्य परिवार के लोग भी शामिल थे। पुलिस ने विशाल की बात को मानकर अन्य आरोपी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। बच्चे को घर से कार के अंदर डालना और नहर के पास फेंकना किसी एक व्यक्ति के अकेले बस की बात नहीं है।