संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे अब खुद ही बदहाल स्थिति में पहुंच गए हैं। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से शहर के करीब 10 प्रमुख रूटों पर लगभग 50 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है लेकिन कई बसों में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं। ऐसे में यात्रियों के साथ-साथ बस कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सिटी बसों में यात्रियों की सुरक्षा, महिला यात्रियों से छेड़छाड़ की घटनाओं पर नजर रखने तथा चोरी और विवाद जैसी घटनाओं की निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए थे। शुरुआती दौर में कैमरों के संचालन से यात्रियों को सुरक्षा का एहसास हुआ था, लेकिन अब अधिकांश बसों में कैमरे केवल शोपीस बनकर रह गए हैं।
सिटी बस इंचार्ज अंकित का कहना है कि उनकी ओर से उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है कि कैमरों को जल्द से जल्द ठीक करवाया जा सकें।