फरीदाबाद। डीएलएफ औद्योगिक क्षेत्र से गुजर रही पीएनजी की लाइन में शनिवार शाम लगी आग मामले में पुलिस ने अर्थमूवर मशीन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आग के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। मोहन ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के सामने खुदाई के समय आग लग गई थी।
कंपनी के प्रबंधक रवि पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शनिवार देर शाम उन्हें फैक्ट्री के बाहर धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो देखा कि आग की लपटें उठ रही थीं। आग ने अर्थमूवर मशीन को चपेट में ले लिया था। देखते ही देखते आग फैल गई। पहले बिजली ट्रांसफार्मर आग की चपेट में आया। इसके बाद पास खड़ी 10 मोटरसाइकिल और एक कार भी जलकर राख हो गईं। आरोप है कि मशीन के चालक ने खुदाई से पहले गैस सप्लाई करने वाली अडानी कंपनी को सूचित नहीं किया। चालक की लापरवाही से ही आग लगी है। सेक्टर-31 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस बात की जांच की जा रही है कि अर्थमूवर मशीन किसके कहने पर खुदाई कर रहा थी। आग लगने के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। अग्निशमक विभाग की करीब दस गाड़ियों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया था।