- पुरानी गाड़ी खरीदने गए थे प्रेमी और प्रेमिका
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पुरानी गाड़ी खरीदने गए प्रेमी व प्रेमिका के साथ मां-बेटों ने मारपीट की। आरोपियों को गाड़ी का पूरा पैसा दे दिया, उसके बाद भी गाड़ी नहीं दी। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी अंजुम ने बताया कि एनआईटी निवासी प्रेम से पुरानी गाड़ी खरीदने को लेकर बात चल रही थी। 20 जून को वह सेक्टर 6 स्थित मारुति सर्विस सेंटर से गाड़ी लेने के लिए गए थे। वह अपने प्रेमी अभिषेक के साथ गाड़ी लेने गई थीं। प्रेमी अभिषेक ने बताया कि गाड़ी का सौदा ढाई लाख रुपये में तय हुआ था। इसके चलते डेढ़ लाख रुपये उन्होंने पहले राहुल, प्रेम और उनकी मां सीमा को दे दिए थे। वहीं एक लाख रुपये गाड़ी लेने के समय देने थे। सर्विस सेंटर पर जब वह गाड़ी को लेने के लिए गए, तो उन्होंने एक लाख रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी राहुल ने बिना बात के उनकी बुलेट बाइक के साथ तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसके बाद सर्विंस सेंटर के अंदर घुसकर उनके साथ मारपीट की। उनकी प्रेमिका अंजुम ने बीच बचाव किया, तो उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान अंजुम बेहोश हो गईं। होश में आने के बाद पुलिस को सूचना दी। आरोपियों ने गाड़ी के पूरे ढाई लाख रुपये लेने के बाद भी गाड़ी नहीं दी। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।