फरीदाबाद। थाना सराय ख्वाजा प्रभारी एसआई अशोक और उनकी टीम ने मोबाइल स्नेचिंग करने वाले तीन आरोपियों को काबू किया है जो यहां नौकरी करने के लिए आए थे। आरोपियों की पहचान दरभंगा बिहार निवासी रोशन, सोनू कुमार व दीपक कुमार के रूप में हुई है। तीनों फिलहाल सराय ख्वाजा में ही रह रहे थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने दो अगस्त को आंबेडकर नगर दिल्ली निवासी अमन का फोन सराय ललित होटल के सामने रास्ता रोककर छीन लिया था। आरोपियों के खिलाफ स्नेचिंग का मामला दर्ज कर लिया गया था। इसके बाद एएसआई विनोद, हवलदार सुशील कुमार, नरेंद्र व सिपाही विकाश व शमशेर की टीम बनाई गई। टीम ने आरोपियों को 24 घंटे में ही बजरंग चौक सराय से काबू कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी 30 जुलाई को ही फरीदाबाद में नौकरी के लिए गांव से आए थे। दो अगस्त की रात तीनों अपने दोस्त का जन्मदिन मनाकर आ रहे थे। उन्होंने नशे में वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों से मोबाइल बरामद कर उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।