फरीदाबाद। उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर निगम की ओर से सोमवार को बाटा पुल के पास बनी करीब 20 दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी दुकानें अवैध बनी हुई थीं। किसी के पास सीएलयू नहीं था। हालांकि तोड़फोड़ कार्रवाई से पूर्व दुकान मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे। वहीं दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। दुकानदारों में निगम अधिकारियों के खिलाफ काफी रोष है। निगम ने तीसरी बार कार्रवाई की है।
सोमवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता दोपहर न्यू टाउन रेलवे स्टेशन रोड पर पहुंचा। यहां अवैध रूप से बनी करीब 20 दुकानों को तोड़ दिया। तोड़फोड़ कार्रवाई को लेकर आसपास के दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई और विरोध करने का प्रयास किया लेकिन भारी पुलिस बल तैनात होने के कारण कार्रवाई शांतिपूर्ण संपन्न हुई। नगर निगम एसडीओ सुरेंद्र खट्टर ने बताया कि दुकानें अवैध तरीके से किए गए सब डिवीजन और सीएलयू कराए बगैर बनाई गई थी। तोड़फोड़ की कार्रवाई पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश पर की गई। बता दें कि पहले भी दो बार आधी अधूरी तोड़ी गई थी लेकिन बार दुकानों को पूरी तरह से तोड़ दिया गया।