फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में बदमाशों पर नकेल कसने के लिए एक हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। 200 चौक-चौराहों पर 100 जगह लगने वाले सीसीटीवी कैमरे ऐसे होंगे, जो बदमाश की बॉडी स्कैन कर उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि बता देंगे। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से 60 करोड़ की परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए निविदा जारी की गई है। इन्हें लगाने का कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
शहर में आपराधिक गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। आए दिन लूटपाट, झपटमारी, हत्या और मारपीट की वारदात हो रही हैं। हालांकि पुलिस की ओर से लगातार सड़कों पर बैरिकेडिंग कर जांच की जा रही है। दूसरी तरफ फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा मुख्य चौक-चौराहों पर 1200 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। इन्हें सेक्टर-20 स्थित कमांड एंड कंट्रोल रूप में जोड़ा गया है। इन सभी कैमरों से ट्रैफिक की स्थिति का तो पता चलता है, साथ ही कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में बैठकर वाहन चालकों की स्थिति को भी देखा जाता है, लेकिन अभी भी ऐसे कई चौक चौराहे हैं जहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। खासतौर पर फरीदाबाद की सीमा से बाहर निकलने वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों की जरूरत है इसलिए दूसरे चरण में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण को 1000 कैमरे लगाने का काम सौंपा है।
एफएमडीए ने कैमरे लगाने के लिए 60 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है। परियोजना पूरी होने पर फरीदाबाद एक मात्र ऐसा शहर होगा, जहां पर दो हजार से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे। ऐसे में शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। पुलिस को बदमाशों पर नकेल कसने में काफी राहत मिलेगी और उन्हें आसानी से पकड़ा जा सकेगा।
इतने प्रकार के होंगे कैमरे
एफएमडीए अधिकारियों के अनुसार, शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर 566 साधारण कैमरे, 48 स्पीड कैमरे, 100 बॉडी रीड कैमरे, 10 डैशबोर्ड कैमरे, 260 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रीडर कैमरे व 25 कैमरे लालबत्ती तोड़ने पर पहचान (रेडलाइट वॉयलेशन डिटेक्शन) लेंगे। 200 चौक चाैराहों पर ये कैमरे लगाए जाएंगे। वाहनों की नंबर प्लेट रीड कर चालान करने वाले 260 कैमरे लगाए जाएंगे।
सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परियोजना पर 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फरवरी में काम शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ. गरिमा मित्तल, अतिरिक्त सीईओ, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण