काम नहीं करने वाले ठेकेदारों को करें ब्लैक लिस्ट : मूलचंद शर्मा
बल्लभगढ़। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर सोमवार को कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा सख्त नजर आए। अधिकारियों को फटकार लगाते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जो ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं, उनको ब्लैक लिस्ट कर नए टेंडर छोड़े जाएं। वह सोमवार को यहां स्थित रेस्ट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए पहुंचे थे। जहां नगर निगम, विद्युत निगम, पीडब्ल्यूडी, बी एंड आर और फारेस्ट डिपार्टमेंट के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक से निकलते ही बस अड्डा के सामने पहुंचे। उन्होंने वहां पर अवैध रूप से सवारियों को भर रही दो प्राइवेट बसों को भी सीज किया।
परिवहन मंत्री ने निगम के अधिकारियों से सेक्टर- 3 गुरुग्राम कैनाल से लेकर तिगांव रोड तक करीब दो करोड़ की लागत से बनाई जाने वाली सड़क पर चर्चा करते हुए कहा कि यह सड़क बल्लभगढ़ से सेक्टर- 10 की तरफ फरीदाबाद जाने के लिए बहुत ही सुगम हो जाएगी। यह 58 फुट चौड़ी होगी। इसमें डिवाइडर के दोनों तरफ 24 -24 फुट की रोड और बाकी हिस्से में टाइल्स लगाने की योजना है। समीक्षा बैठक में हरियाणा राज्य परिवहन फरीदाबाद डिपो के महाप्रबंधक राजीव नागपाल, नगर निगम के एससी रवि शर्मा, एक्सईन जीपी वधवा, बिजली विभाग के एक्सईन जितेंद्र ढुल, एसडीओ विनोद कुमार, वन विभाग के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।