अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय अटल कमल पर जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर याद किया।
गोपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के हस्तक्षेप के चलते जम्मू कश्मीर का भारत में पूरी तरह से विलय नहीं हो पाया था, जिसके फलस्वरूप श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर राज्य के अलग संविधान व अनुच्छेद 370 के खिलाफ आवाज उठाई थी I मुखर्जी ने साल 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की और दो निशान, दो विधान, दो संविधान का खुला विरोध किया था। डॉ. मुखर्जी देश के सच्चे सपूत थे। सभी को उनके जीवन तथा उनके कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर सोहनपाल सिंह,मूलचन्द मित्तल, डॉ. आरएन सिंह, मुकेश अग्रवाल समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे I