फरीदाबाद। ऑटो चालक यदि बिना वर्दी के नजर आए तो उनकी खैर नहीं। ऐसे चालकों के खिलाफ बृहस्पतिवार से ट्रैफिक पुलिस अभियान चलाकर चालान काटेगी। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने मंगलवार को कार्यालय में पुलिस अधिकारियों और आरएसओ की बैठक ली। इसमें डीसीपी मुख्यालय नीतिश अग्रवाल, डीसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र कुमार, एसीपी ट्रैफिक भगत सिंह, तीनों जोनों के ट्रैफिक एसएचओ मौजूद थे।
पुलिस आयुक्त ने डीसीपी ट्रैफिक को निगम की मदद से बाटा पुल एनआईटी साइड से बने पुराने टोल को हटाने की बात कही। ऑटो चालकों की एक ड्रेस तैयार कर लागू की जाएगी। बारिश के पानी की निकासी के लिए निगम के साथ मिलकर बचाव योजना तैयार की गई। एनआईटी इलाके में जाम कम करने पर चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने नकली हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगा कर वाहन चलाने वालों के चालान काटकर वाहन जप्त करने के निर्देश दिए। अनाज के लोड हुए ट्रकों की निकासी के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
करोड़ों का चालान कर चुकी है पुलिस
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की पालन नहीं करने पर 2021 में 138416 चालान काटे थे, जिनसे 77846850 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इनमें 21 अंडर एज, 29348 ओवरस्पीडिंग, 22769 गलत ड्राइविंग, 22038 बिना हेलमेट , 8906 गलत पार्किंग, 6816 हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, 2604 प्रदूषण, 5916 बिना सीट बेल्ट के चालान शामिल है। साल 2022 में अभी तक 85378 चालान काटे गए हैं। इनसे 278 62 771 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इनमें 16 अंडर एज, 23539 ओवरस्पीड, 8118 गलत साइड ड्राइविंग, 28703 बिना हेलमेट , 5586 गलत पार्किंग, 4071 हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, 231 प्रदूषण, 2009 बिना सीट बेल्ट यात्रा करने के चालान शामिल है।