फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर डंडों और रॉड से हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी विकास उर्फ मुन्ना भाटी, सौरव भाटी और अजय, गुरुग्राम के गांव रिठोज निवासी विकास व सेक्टर-45 निवासी सलमान के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, गाजीपुर रोड निवासी सागर ने शिकायत में बताया कि 13 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे वह परचून की दुकान से दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान 10-15 लोगों ने उस पर डंडों और रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत के आधार पर डबुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ में सामने आया कि सागर की विकास उर्फ मुन्ना भाटी और सौरव भाटी से पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते आरोपियों ने उस पर हमला किया। पुलिस ने विकास, अजय और सलमान से डंडे बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से विकास उर्फ मुन्ना और सौरव को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया। संवाद