फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने एटीएम मशीन से पैसे निकालने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तीन लाख बीस हजार रुपये बरामद किए हैं।
आरोपियों ने 17 अप्रैल 2021 को सेक्टर-24 वर्लपूल रेफ्रिजरेटर कंपनी के गेट पर लगे एटीएम से डिवाइस की मदद से बारह लाख चालीस हजार रुपये निकाल लिए थे। दोनों आरोपी मनोज कुमार और अमित कुमार फतेहपुर बेरी दिल्ली के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना मुजेसर में मामला दर्ज है। पुलिस टीम ने 19 अप्रैल को उज्बेकिस्तान के जोन फिलो आजिम जोन, आरोपी नीरज को हेलीमंडी गुरुग्राम और आरोपी नवीन को फतेहपुर दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी मनोज कुमार एक केस में कोलकाता जेल में बंद था। उसकी मुलाकात जेल में विदेशी युवक से हुई। उसने डिवाइस मशीन के जरिए पैसे निकालने की बात बताई। मनोज विदेशी नागरिक का साथ देने लगा। आरोपियों ने फरीदाबाद ,गुरुग्राम, पंजाब तथा कोलकाता में घटनाओं को अंजाम दिया। मनोज ने नीरज, नवीन और अमित को विदेशी नागरिक से मिलवाया था। मनोज ने विदेशी नागरिक से एक बार साकेत दिल्ली में और एक बार फरीदाबाद में मुलाकात की। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि लॉकडाउन में आर्थिक तंगी के कारण एटीएम से पैसे निकालने की घटनाओं को अंजाम देते रहे।