स्कूलों को विद्यार्थियों की संख्या अटेंडेंस रजिस्टर के अनुसार पोर्टल पर अपडेट करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए शुक्रवार को शिक्षा विभाग की टीम ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों में यू-डायस (यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफार्मेशन सिस्टम फार एजुकेशन) प्लस पोर्टल पर दर्ज जानकारी का मौके पर उपलब्ध सुविधाओं से मिलान किया गया।
टीम ने स्कूलों को विद्यार्थियों की संख्या भी अटेंडेंस रजिस्टर के अनुसार पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी शिवानी के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले सेक्टर-28 और बल्लभगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का दौरा किया। अधिकारियों ने स्कूलों में कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल और बिजली समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान शौचालयों की स्थिति में सुधार करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद 19 सरकारी और 59 निजी स्कूलों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक हुई। इसमें स्कूलों की ओर से यू-डायस प्लस पर दर्ज सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की गई। परियोजना समन्वयक मोहन सिंह ने बताया कि यू-डायस शिक्षा मंत्रालय की राष्ट्रीय शिक्षा डेटा प्रबंधन प्रणाली है। इसके माध्यम से स्कूलों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा डेटा एकत्र किया जाता है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के लिए टीम पंचकूला से आई थी।