सेक्टर-15 स्थित केनरा बैंक में लूट की वारदात हुई थी, पहले कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। लेकिन वारदात से सबक लेते हुए बृहस्पतिवार को बैंक में एक गार्ड की तैनाती भी की गई। बैंक के अधिकारियों ने बताया कि उच्च अधिकारियों से सुरक्षा गार्ड की मांग काफी समय पहले से ही करते आ रहे थे।
जिस बैंककर्मी को गनप्वाइंट पर लिया था, रातभर नहीं सो पाया
केनरा बैंक में लूट की वारदात को अंजाम देने आए बदमाशों ने जिस कर्मचारी की कनपटी पर हथियार रखा था, वह इतना डर गया था कि रात भर उसे नींद नहीं आई। बैंक कर्मी सतेंद्र यादव ने बताया कि वारदात के दौरान दिमाग काम नहीं कर रहा था कि क्या करें। वहीं, अन्य बैंक कर्मी भी घटना को लेकर काफी दहशत दिखाई दिए।
सेक्टर-15 मार्केट में करीब 20 बैंक हैं। दो सौ से अधिक दुकानें हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं है। रेहड़ी पटरी वाले मार्केट परिसर में जहां चाहे दुकान लगा देते हैं। पुलिस किसी की कोई चेकिंग नहीं करती है। न ही हमेशा गश्त करती है। पुलिस गंभीर होती तो इस तरह की वारदात नहीं होती।- आकाश, आफिस कंसल्टेंट
मार्केट में पुलिस कर्मी की रेगुलर ड्यूटी नहीं रहती है। कोई भी कहीं आए जाए किसी से कोई पूछताछ नहीं की जाती। सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। बुधवार को दिन दहाड़े हुई लूट की घटना पुलिस की लापरवाही का नतीजा है। वारदात के बाद पुलिस प्रशासन को होश आता है।- साहिल चौधरी, निवासी
मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपाय किए जाते हैं। तकरीबन 75 प्रतिशत दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। मार्केट में इस तरह की पहली वारदात हुई है। पुलिस प्रशासन से सुरक्षा चाक चौबंद करने की मांग की गई है। ताकि दुबारा इस तरह की वारदात न हो।- आलोक कुमार, प्रधान सेक्टर-15 मार्केट